संस्थापक एवं संगठन
सनातन परंपरा का एक जीवंत स्वरूप
धर्म, संस्कृति और समाजसेवा का अद्भुत समन्वय — श्रद्धा, निष्ठा और सेवा के मार्ग पर।

संस्थापक का परिचय
सनातन अखाड़ा के प्रमुख सिद्ध श्रीश्री 108 अद्ध औघड़नाथ जी का जीवन एक तपस्वी साधक का जीवन है, जो धर्म जागरण, अध्यात्म और समाज सेवा के पथ पर पिछले अट्ठाईस वर्षों से अखंड साधना में लीन हैं। उनका जीवन किसी पद या प्रतिष्ठा की चाह में नहीं, बल्कि केवल उस सनातन परंपरा की सेवा में समर्पित है, जो युगों से मानवता को धर्म, शांति और संतुलन का मार्ग दिखाती आई है।
उनका प्रारंभिक जीवन एक सामान्य जिज्ञासु की भांति था, परंतु ईश्वरीय प्रेरणा और आंतरिक पुकार ने उन्हें सांसारिक बंधनों से परे एक तपस्वी जीवन की ओर अग्रसर करते हुए स्वयं की चेतना शक्ति के आधार पर सन्यास मार्ग को अपनाया और उच्च साधनाओं में प्रवेश किया — योग, ध्यान, तंत्र, मंत्र, साधना क्रियाएँ, और आत्मानुभूति की अत्यंत सूक्ष्म विधियाँ — इन सभी क्षेत्रों में उन्होंने पूर्ण दक्षता प्राप्त की परंतु उस ज्ञान और सिद्धि का उपयोग केवल और केवल सेवा, कल्याण और धर्म प्रचार के लिए किया।
"धर्म तब तक जीवंत है जब तक साधक जागृत है।"
हमारे मूल सिद्धांत
श्रद्धा
आस्था और आध्यात्मिक प्रतिबद्धता को जीवन का आधार।
निष्ठा
सत्य, पारदर्शिता और नैतिक मार्ग पर चलना।
सेवा
निःस्वार्थ सेवा और समाज के कल्याण के लिए समर्पण।
हमारी परंपरा
उनके लिए साधना कोई प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक उत्तरदायित्व है — समाज को दिशा देने का, जनमानस में धर्म की चेतना जगाने का। उन्होंने अब तक अनेकों धार्मिक आयोजन, यज्ञ, अनुष्ठान, रुद्राभिषेक, कथा, गौ सेवा, अन्नदान, ध्यान शिविर, साधना प्रशिक्षण, और सामाजिक कार्य निःशुल्क रूप से कराए हैं। उनकी दृष्टि में धर्म कभी व्यापार नहीं बन सकता। सेवा यदि मूल्य पर हो तो उसका पुण्य क्षीण हो जाता है — इस सोच के साथ वे हर सेवा बिना किसी शुल्क, बिना किसी अपेक्षा, केवल श्रद्धा और भाव से करते आए हैं।
वे ऐसे साधक हैं जिनकी वाणी से कम, जीवन से अधिक प्रेरणा मिलती है। उनकी मौन उपस्थिति भी साधकों और श्रद्धालुओं के लिए साक्षात मार्गदर्शन बन जाती है। असंख्य लोग उनके संपर्क में आकर नि:शुल्क दीक्षा प्राप्त कर चुके हैं, अपने जीवन की दिशा बदल चुके हैं, और अब साधना, पूजा-विधि एवं आध्यात्मिक अभ्यास में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उनके आश्रय में साधना केवल शास्त्रों की बात नहीं रहती, वह जीवन का अनुभव बन जाती है।
उनकी सरलता, गंभीरता और निस्वार्थ भावना ही उन्हें एक सच्चे अखाड़ा प्रमुख के रूप में प्रतिष्ठित करती है। वे किसी उपाधि, प्रचार या पहचान से नहीं, अपने कर्म, तप और सेवा से पहचाने जाते हैं। उनका जीवन ही वह दीया है, जो स्वयं जलता है और दूसरों के पथ को आलोकित करता है।
सनातन अखाड़ा उनके मार्गदर्शन में एक ऐसा केंद्र बन चुका है जहाँ केवल मंत्र नहीं गूंजते, बल्कि जीवन बदलते हैं; जहाँ केवल पूजा नहीं होती, बल्कि जनकल्याण के लिए योजनाएँ बनती हैं; जहाँ हर साधक, सेवक, श्रद्धालु और जिज्ञासु को अपने प्रश्नों के उत्तर और जीवन की दिशा मिलती है।
वे स्वयं को कभी गुरु नहीं मानते, न ही नेतृत्व का बोझ स्वीकारते हैं। वे तो केवल एक सेवक हैं, जो सनातन धर्म की परंपरा को जी रहे हैं — हर सांस में, हर कर्म में। उनके लिए संन्यास केवल वस्त्र नहीं, एक जीवित चेतना है; और सेवा केवल कर्म नहीं, आत्मा का स्वरूप है।
हमारी टीम / समुदाय
हमारी टीम में साधना और सेवा पर केंद्रित युवा साधक, शास्त्र-निष्ठ वेदज्ञ, वैदिक संस्कारों के प्रति समर्पित ब्राह्मण तथा विनम्रता व अनुशासन से अखाड़े की सेवा करने वाले धर्म-सेवक शामिल हैं। युवा साधक दैनिक सेवा, आयोजन-समन्वय और अध्ययन–चर्चाओं में योगदान देकर स्वाध्याय, ध्यान और सामुदायिक कार्य के माध्यम से अपने चरित्र का निर्माण करते हैं। वेदज्ञ शास्त्र-अध्ययन का मार्गदर्शन करते हैं, प्रवचन एवं पाठ-परंपराओं का संरक्षण करते हैं, और स्पष्टता व अनुशासन के साथ ज्ञान का संवर्धन करते हैं। ब्राह्मण संस्कार एवं यज्ञ संपन्न कराते हैं, शुचिता का पालन करते हैं, मंदिर-आचार की सलाह देते हैं तथा आचार–नीति में नवदीक्षितों का मार्गदर्शन करते हैं। धर्म-सेवक जन-सेवा अभियानों, स्वास्थ्य एवं राहत कार्य, तीर्थयात्री-सेवा और डिजिटल संचार का समन्वय कर मठ-अखाड़े की सीमाओं से परे भी हित का विस्तार करते हैं। सत्यनिष्ठा, करुणा और उत्तरदायित्व से एकजुट यह टीम पारंपरिक मूल्यों को जीवंत रखते हुए पारदर्शी संगठन, सावधान संसाधन-प्रबंधन और समुदाय-प्रथम सेवा के माध्यम से समकालीन आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करती है।